अमेरिका ने अफगानिस्तान में आईएस के ठिकाने पर अपना सबसे बड़ा बम गिराया है। अमेरिकी सेना के इस कार्रवाई पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमें अपनी सेना पर गर्व है। ट्रंप ने इस अभियान को सफल बताते हुए कहा, वास्तव में ये एक और सफल काम था। हमें हमारी सेना पर गर्व है।'
ये भी पढ़ेंः बमबारी पर बोले ट्रंप- सेना को दी पूरी आजादी, तब मिली ऐसी सफलता
ये भी पढ़ें : अमेरिका ने ISIS पर गिराया सबसे बड़ा बम, जानिए 8 खास बातें
ट्रंप ने कहा कि उन्होंने अमेरिकी सेना को पूरी आजादी दी जिसका नतीजा ऐसे सफल अभियानों के रूप में सामने आ रहा है। ट्रंप ने पिछले हफ्तों सीरिया पर हवाई हमले के आदेश और इस अभियान का हवाला देकर ओबामा के शासन पर भी निशाना साधा। ट्रंप ने कहा कि पिछले 8 हफ्तों में जो कुछ हुआ अगर उसकी तुलना पिछले 8 सालों से की जाए तो आपको जबरदस्त अंतर दिखाई पड़ेगा। सीरिया में केमिकल अटैक का मामला सामने आने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति ने हमले का आदेश दिया था।
वहीं अमेरिकी सेना ने कहा है कि उन्होंने पहली बार अपना अब तक का सबसे बड़ा नॉन-न्यूक्लियर बम गिराया है। जीबीयू-43 नाम के इस बम को ''मदर ऑफ ऑल बॉम्ब्स'' के नाम से जाना जाता है। इसे सबसे पहले 2003 में टेस्ट किया गया था लेकिन इसका इस्तेमाल पहले कभी नहीं हुआ। अमेरिकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने कहा है कि उनके एक विमान ने अफगानिस्तान के नंगरहार प्रांत में इस बम को गिराया है।