अमेरिका के राष्ट्रपति रहने के दौरान डोनाल्ड ट्रंप अपने कारोबार के लिए किसी तरह का नया करार नहीं करेंगे। उन्होंने ट्वीट कर इस बात के साफ संकेत दिए हैं। अमेरिका के भावी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि उनके बेटे और कार्यकारी अधिकारी कंपनियों का प्रबंधन देखेंगे। मालूम हो कि ट्रंप की इस बात को लेकर तीखी आलोचना हो रही है कि वह अपने कारोबारी हित के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति पद का दुरुपयोग कर सकते हैं।
ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘मैं 20 जनवरी से पहले खुद को अपने कारोबार से दूर कर लूंगा, ताकि मैं राष्ट्रपति के रूप में अपने काम पर पूरा ध्यान केंद्रित कर सकूं। हालांकि मैं कानूनी रूप से अपने कारोबार को छोड़ने के लिए बाध्य नहीं हूं।’ उन्होंने कहा कि उनके बेटे डोनाल्ड जूनियर, एरिक और कार्यकारी अधिकारी उनके कारोबार को देखेंगे। साथ ही उनके राष्ट्रपति रहने के दौरान उनकी कंपनियां किसी तरह का नया करार नहीं करेंगी।
मगर ट्रंप की इस सूची में बेटी इवांका का नाम नहीं है। इवांका के पति जारेड कुसनेर डोनाल्ड ट्रंप के करीबी सलाहकार हैं, जो उनके प्रशासन में अहम भूमिका निभा सकते हैं। दरअसल, आलोचकों का कहना है कि ट्रंप के लिए एक साथ राष्ट्रपति के रूप में अपने कर्तव्य का निर्वाह करना और कारोबारी हितों को सुरक्षित रखना मुश्किल होगा। लिहाजा वह दुनिया भर में फैले अपने विशाल कारोबार के हित के लिए अपने पद का दुरुपयोग करेंगे।