जी20 समिट में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच एक गोपनीय मुलाकात की बात सामने आ रही थी। कहा जा रहा था जर्मनी में जी20 शिखर सम्मेलन में दोनों के नेताओं के बीच एक औपचारिक भेंट के बाद यह मुलाकात हुई थी। हालांकि इसकी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई थी। अब इस मामले में नया मोड़ सामने आया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने ट्वीट कर इस मुलाकात की बात को झू़ठा बताया है। ट्रंप ने पुतिन के साथ 'गोपनीय डिनर' की बात को खारिज करते हुए इसे फर्जी खबर बताया है। ट्रंप ने ट्वीट में कहा, ''फर्जी खबर और ज्यादा घटिया रूप में सामने आ रही है। यहां तक कि जर्मनी में शीर्ष के 20 नेताओं के लिए आयोजित डिनर को भी संदिग्ध बना दिया गया।''
अमेरिका में दोनों नेताओं के संबंधों को लेकर जांच चल रही है। पुतिन पर आरोप है कि उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप के कैंपेन को मदद पहुंचाई थी। हालांकि पुतिन और ट्रंप दोनों इसे खारिज कर चुके हैं। अमेरिकी जांच एजेंसियों को मानना है कि रूस ने ट्रंप को जिताने में मदद की थी। इससे पहले अमेरिकी मीडिया में खबर चल रही थी कि पुतिन और ट्रंप की गोपनीय मुलाकात एक घंटे तक चली थी। इस मुलाकात में ट्रंप, पुतिन और एक अनुवादक था।