पहली बार सीधे तौर पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को निशाने पर लेते हुए खतरनाक आतंकी समूह इस्लामिक स्टेट ने उन्हें मूर्ख कहा है। उसने कहा है कि ट्रंप का उदय अमेरिका के खोखलेपन को दर्शाता है।
एनबीसी न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को आईएस के प्रवक्ता अबु हसन अल-मुहाजिर ने एक 36 मिनट का ऑडियो जारी किया। इस ऑडियो में उसने एक ऐसे अरबी शब्द का उपयोग किया है जिसका मतलब मूर्ख होता है।
उसने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति को इस्लाम के बारे में कुछ भी पता नहीं है। अमेरिका को खोखला बताते हुए इसमें कहा गया कि तुम लोगों का निकाला जाना अब तय है और इसका सबसे बड़ा संकेत है कि तुम पर एक ऐसा मूर्ख और बेवकूफ व्यक्ति शासन कर रहा है जिसे शैम और इराक के बारे में कुछ नहीं पता। वह लगातार इस्लाम के खिलाफ जहर उगल रहा है और युद्ध छेड़ा हुआ है।
आईएस को बना रहा निशाना
इराक और सीरिया में बड़ी जगहों पर कब्जा जमाने वाले आईएस को आजकल अमेरिकी नेतृत्व वाले सैन्य संगठन निशाना बना रहे हैं। पूर्व में इस्लाम के खिलाफ बड़े स्तर पर विवादित बयान देने वाले ट्रंप की खासी आलोचना हुई थी।
हालांकि आईएस ने ट्रंप प्रशासन द्वारा छह मुस्लिम बहुल देशों के नागरिकों के अमेरिका में घुसने पर अस्थायी तौर पर प्रतिबंध लगाए जाने के संबंध में सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा।