अमेरिकी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी की ओर तेजी से बढ़ रहे डोनाल्ड ट्रंप का समर्थन कर रहे हिंदू मतदाताओं के एक समूह ने उनकी तुलना भगवान विष्णु से की है। हफ पोस्ट के मुताबिक, अमेरिकी हिंदू मतदाताओं के एक समूह 'हिंदूज फॉर ट्रंप' के ट्विटर हैंडल से ट्रंप के समर्थन में पोस्टर और संदेश ट्वीट किए गए हैं।
@USAHindus4Trump ट्विटर हैंडल से #HindusForTrump पर किए गए एक ट्वीट में ट्रंप को कमल पर बैठे दिखाया गया है, वे पद्मासन की मुद्रा में हैं। ट्रंप समर्थक हिंदू मतदाताओं के पोस्टर में ट्रंप जिस कमल पर बैठे हैं, वह अमेरिकी झंडे के रंग में हैं। उस पर सामने की ओर 'ओम' लिखा है।
हफ पोस्ट के मुताबिक, ट्रंप समर्थक समूह का फेसबुक पेज भी है, जहां वे उनकी उपलब्धियां गिनाते हैं। हिंदूज फॉर ट्रंप की एक ब्लॉग पोस्ट में कहा गया है कि अमेरिका में 15 से 25 लाख हिंदू हैं और इस समुदाय की कई सम्मानित शख्सियतें ट्रंप के समर्थन में आगे आ रही हैं।