अमेरिका के दक्षिण कैरोलीना में एक कुतिया के साथ ऐसी दर्दनाक हरकत की गई जिसे सुनकर आपके रोंगटे खड़े हो जाएंगे। 15 महीने की कुतिया कैटलिन के मुंह को एक काले बिजली के टेप से बांध कर रखा गया। यह टेप इतनी कस कर बांधा गया कि उसकी जुबान उसके दांतों के बीच फंस गई।
जब डॉक्टरों ने उसके मुंह से टेप हटाया तो उसका जबड़ा अपने साधारण आकार से दोगुना फूल गया था। चार्लस्टन पशु समिति में एंटी-क्रूएलिटी के निदेशक एल्डविन रोमन ने इस मामले पर फेसबुक पर लिखा,'' जानवरों के साथ हुए दुर्व्यवहार के मामलों में आज तक मैंने इससे ज्यादा बुरा मामला कोई और नहीं देखा।''
समिति ने उस व्यक्ति को $1000 का ईनाम देने की घोषणा की है जो इस मामले में अपराधी की गिरफ्तारी के लिए कोई भी सूचना देगा। इस काम को अंजाम देने वाले संदिग्ध को पांच साल की जेल और $5000 जुर्माने की सजा होगी।