सरकारी कम्प्यूटरों से डाटा चोरी होने के बाद अमरीकी खुफ़िया एजेंसी सीआईए ने अपने कर्मचारियों को बीजिंग स्थित अमरीकी दूतावास से वापस बुला लिया है। बीजिंग स्थित अमरीकी दूतावास में चीनी हैकरों की हैकिंग के बाद अमेरिका ने दूतावास से सीआईए के सभी जासूसों को वापस बुला लिया है।
इसी साल अप्रैल में हुए हैकिंग की घटना में हैकरों ने क़रीब दो करोड़ दस लाख अमरीकी कर्मचारियों के डेटा चुरा लिए थे। जिसके बाद से अमेरिका और चीन के रिश्तों में एक बार फिर से खटास देखने को मिल रहा है।
अमेरिका ने चीनी स्टेट हैकरों को इस घटना के लिए ज़िम्मेदार ठहराया है। ख़ास बात है कि अब तक अमेरिका, चीन पर जासूसी करने का आरोप लगाता रहा है। लेकिन सीआईए के जासूसों का बीजिंग स्थित अमरीकी दूतावास में मौजूद होना अमेरिका के लिए मुसीबत का सबब बन सकता है।