न्यूयॉर्क में एक चार मंज़िला इमारत के ढहने और वहां आग लग गई है। इस घटना में कम से कम एक शख़्स की मौत होने की ख़बर है। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। अपर मैनहटन के 116 स्ट्रीट और पार्क एवेन्यू में बुधवार सुबह यह हादसा होने की ख़बर है।
अमेरिकी मीडिया में आ रही ख़बरों के अनुसार ईस्ट हार्लेम निवासियों ने सुबह के करीब नौ बजे एक रिहाइशी इमारत के ढहने से पहले एक बड़ा धमाका सुना।
वीडियो फ़ुटेज में दुर्घटनास्थल से बडी मात्रा में धुआं और धूल निकलते हुए और अग्निशमन कर्मचारियों को पानी फेंकते हुए देखा जा सकता है।
"फिर से ट्विन टावर"
स्थानीय मीडिया के अनुसार कम से कम 11 लोगों को चोटें आई हैं। एक स्थानीय अस्पताल के अनुसार उनके पास एक मरीज़ गंभीर सदमे की स्थिति में लाया गया है। डब्ल्यूएबीसी टीवी के अनुसार धमाके में आसपास के इलाक़े की खिड़कियां टूट जाने के बाद स्थानीय प्रशासन को गैस की आपूर्ति रोकने को कहा गया है।
न्यूयॉर्क पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, "एक धमाका हुआ और एक इमारत ढह गई।"एक प्रत्यक्षदर्शी ने न्यूयॉर्क डेली न्यूज़ को बताया कि उसे धमाके के "कई हफ़्ते" पहले से गैस की गंध आ रही थी। एशले रिवेरा ने कहा, "हमने लोगो को खिड़की से बाहर उड़कर गिरते हुए देखा...वह मेरे पड़ोसी थे।
"दुर्घटनास्थल के पास ही काम कर रहे एक प्रत्यक्षदर्शी ने अख़बार को बताया कि उन्होंने दो बड़े धमाके सुने, जिन्होंने उनकी दुकान को हिलाकर रख दिया। मिच अब्रेउ ने कहा, "यह बहुत ज़ोरदार था, जैसे बूम, बूम। इसने पूरे ब्लॉक को हिलाकर रख दिया। सड़क में आगे की ओर एक दुकान की खिड़की उड़ गई।"उन्होंने कहा, "ऐसा लगा कि ट्विन टावर हादसा फिर से हुआ हो, लोग धूल में सने हुए थे और अपने मुंह ढक रहे थे।"