टेक्सास चिल्ड्रेन अस्पताल में इस बच्चे ने जन्म लिया तो माता-पिता के साथ डॉक्टरों की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा क्योंकि उसका जन्म विज्ञान की कामयाबी का एक नया अध्याय है। दरअसल पिछले साल 27 सितंबर को छह माह की
भ्रूणावस्था में ही रोयर की रीढ़ की
सर्जरी हुई थी। यह इस तरह का दुनिया का पहला ऑपरेशन था। अब रोयर का सेहतमंद बच्चे के रूप में जन्म साबित करता है कि ऑपरेशन पूरी तरह कामयाब रहा।
पिछले हफ्ते शुक्रवार को सुबह इस बच्चे ने जन्म लिया। डॉक्टरों की ओर से बताई गई तारीख से दो दिन पहले। जन्म के वक्त उसका वजन 3.8 किलोग्राम और लंबाई बीस इंच थी। त्वचा गुलाबी और वह रो रहा था। यानी बेबी रोयर पूरी तरह सेहतमंद था। उसने जन्म के बाद वह सब कुछ किया तो उसके माता-पिता और डॉक्टर देखना चाहते थे। उसे अपने पैर हिलाए, जिससे पुष्टि हुई की उसकी रीढ़ ठीक है। वह अपने पैर को नाभि तक आसानी से खींच पा रहा था।
स्पाइना बाइफिडा नहीं रहेगी लाइलाज बीमारी
बच्चे को स्पाइना बाइफिडा नाम की बीमारी थी, जिसमें रीढ़ को घेरने और सहारा देने वाली मांसपेशियां पूरी तरह विकसित नहीं होती हैं। इस बीमारी का शिकार बच्चा चलने फिरने में अक्षम हो जाता है। पर शोध में पाया गया कि अगर गर्भ में ही सावधानीपूर्वक सर्जरी की जाए तो इलाज संभव है।