भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अमेरिका यात्रा से पहले राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रिचर्ड राहुल वर्मा को भारत में नया अमेरिकी राजदूत नामांकित किया है। उनके नामांकन को अभी अमेरिकी सीनेट से मंज़ूरी मिलनी बाक़ी है। लेकिन उम्मीद है कि इसमें कोई दिक्कत नहीं होगी।
अगर उनके नाम को मंज़ूरी मिल जाती है, तो वो भारत में भारतीय मूल के पहले अमेरिकी राजदूत होंगे। भारत में अमेरिकी राजदूत का पद नैंसी पावेल के इस्तीफ़े के बाद से ख़ाली है।
उन्होंने अमेरिका में भारतीय अधिकारी देवयानी खोबरागड़े के साथ हुई घटना के बाद पैदा हुए विवाद के बाद इस्तीफ़ा दे दिया था। रिचर्ड राहुल वर्मा 1994 से 1998 के दौरान अमरीकी वायुसेना को अपनी सेवाएं दे चुके हैं।