अमेरिका के एक सांसद ने राष्ट्रपति बराक ओबामा को भारत के साथ बढ़ते कूटनीतिक रिश्तों को लेकर चेताया है। रिपब्लिकन सांसद ने कहा है कि भारत में आज भी धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकारों को दबाने के प्रयास किए जाते हैं। इसलिए ओबामा को भारत के साथ बढ़ते रिश्तों का मूल्यांकन करना चाहिए।
ऑकलहोमा से रिपब्लिकन सांसद जेम्स लैंकफोर्ड ने राष्ट्रपति ओबामा को एक पत्र लिखा है। इसमें उन्होंने कहा है कि अमेरिका को भारत के साथ कूटनीतिक संबंध बढ़ाते हुए सतर्कता बरतनी चाहिए। पत्र में सांसद ने राष्ट्रपति को भारत के अलावा क्यूबा के साथ अमेरिका के रिश्तों का मूल्यांकन करने का सुझाव दिया है।
18 फरवरी के इस पत्र में जेम्स ने लिखा है कि भारत में आज भी धार्मिक स्वतंत्रता और मानवाधिकार का हनन जारी है। ऐसे में अमेरिका को चाहिए कि वह भारत के साथ बढ़ते अपने रिश्तों के जरिये इस हनन को खत्म करने का काम करे। पत्र में जेम्स ने कहा है कि यहां अधिकतर समय मुस्लिम और ईसाई लोग हिंसा के शिकार बनते हैं।