अमेरिका में बीयर के शौक़ीनों ने एक प्रमुख शराब कंपनी पर बीयर को कथित तौर पर हल्का करने का आरोप लगाते हुए कंपनी पर मुक़दमा कर दिया है।
पेनसिलवेनिया, कैलिफ़ॉर्निया और दूसरे राज्यों में दायर किए गए मुक़दमे में एनहॉज़र-बुश पर आरोप लगाया गया है कि कंपनी द्वारा तैयार की गई बीयर की बोतलों में जितना शराब का अंश लिखा होता है वो असल में कम होता है।
एनहॉज़र बुश के दस ब्रांडो पर ये मुक़दमा दायर किया गया है जिनमें 'बडवाइज़र' और 'मिशेलोब' जैसी लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं।
एनहॉज़र बुश इन बेव ने इन आरोपों का खंडन किया है और कहा है कि "हमारी बीयर की बोतलों पर जो लेबल लगी होती है वो क़ानून के अनूकूल है।"
कर्मचारियों की जानकारी
ये मुक़दमा कंपनी के पूर्व कर्मचारियों के ज़रिए दी गई जानकारियों पर आधारित है।
एक प्रमुख वकील जॉश बॉक्सर ने कहा, "हमने कंपनी के पूर्व कर्मचारियों से जानकारियां इकट्ठा की हैं जो कह रहे हैं कि कॉरपोरेट रिवाज की तरह जिन ब्रांडों पर आरोप लगाए गए हैं। उन्हें पानी मिलाकर हल्का किया जाता रहा है।"
मुक़दमे में आरोप लगाया गया है कि जब से अमेरिकी एनहॉज़र बुश का बेल्जियम-ब्राज़ील की कंपनी इनबेव से विलय हुआ तब से ये समस्या पैदा हुई है।
एनहॉज़र बुश के उपाध्यक्ष ने एक बयान में कहा, "हम बीयर बनाने में श्रेष्ठतम मूल्यों का निर्वाहन करते हैं और हमें इसपर गर्व है।"