शुक्रवार को उत्तर कोरिया की ओर से किए गए इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण के बाद अमेरिका ने कड़ी प्रतिक्रिया जताई है। रविवार को अमेरिकी एयरफोर्स ने एक बयान जारी किया। अमेरिकी एयरफोर्स ने कहा कि उत्तर कोरिया के मिसाइल परीक्षण के बाद दो बी-1बी लड़ाकू विमान ने कोरियन प्रायद्वीप के ऊपर से उड़ान भरी।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने शुक्रवार को मिसाइल परीक्षण किया और कहा कि मिसाइल की रेंज में अमेरिका के कई शहर आते हैं। जिसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया जाहिर की थी।
अमेरिकी एयरफोर्स के बयान के अनुसार, लड़ाकू विमान ने अमेरिकी एयरबेस गुआम से उड़ान भरी। बता दें कि अमेरिका और अंतरराष्ट्रीय दबावों को ताक पर रख उत्तर कोरिया ने मिसाइल परीक्षण जारी रखा है। इससे पहले 4 जुलाई को भी उत्तर कोरिया ने अपना पहला इंटरकॉन्टिनेंटल बैलिस्टिक मिसाइल का परीक्षण किया था।