आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) के सरगना बगदादी के मारे जाने की पुष्टि भले ही नहीं हुई हो, लेकिन उसका अफगानी हेड ड्रोन स्ट्राइक में मारा जा चुका है। आईएस के अफगान के हेड अबू सईद के मारे जाने की जानकारी अमेरिका के पेंटागन की ओर से दी गई है। सूत्रों के मुताबिक अबू सईद के मारे जाने पर ये साफ हुआ है कि आईएस की अफगानी ब्रांच ने साल में तीसरी बार अपने नेता को खोया है।
इससे पहले आईएसआईएस का डिप्टी लीडर सेना के हवाई हमले में मारा गया, जिसका नाम अयाद-अल-जुमाली था। ऐसा माना जाता है कि जुमाली आईएसआईएस के सरगना अबु-बकर-अल-बगदादी का दाहिना हाथ था।
ईराक की टीवी रिपोर्ट्स के मुताबिक सेना की ओर से उसकी मौत की पुष्टि हुई है। डेली मेल की खबर के मुताबिक जुमाली आतंक के इस ग्रुप के इंटरनल सिक्योरिटी यूनिट का हेड था। बताया जा रहा है कि सेना ने पूरे प्लान के तहत जुमाली पर हवाई हमला किया था।
बता दें कि सेना की ओर से हो रहे हवाई हमलों का खौफ बगदादी और उसके गुर्गो को सताने लगा है। वो इनसे बचने की हर कोशिश कर रहे हैं। ऐसा माना जा रहा है कि इनका गढ़ माने जाने वाला मौसुल अब इनके चंगुल से धीरे-धीरे निकलने लगा है।