अमेरिका में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और चरमपंथी आशंकाओं के मद्देनज़र लोगों से अपने घरों में रहने को कहा गया है।
अधिकारियों ने लोगों से कहा है कि अगर उन्हें कुछ भी संदेहस्पद दिखाई दे तो इसकी सूचना पुलिस को दें। अमरीकी गृह मंत्रालय और एफबीआई ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है। उधर, अमरीकी वायुसेना ने ब्रिटेन के नोरफुक में अपने बेस पर स्वतंत्रता दिवस के समारोहों को रद्द कर दिया है।
अधिकारियों का कहना है कि ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया है। उत्तरी अमेरिका के तट के पास बसी 13 औपनिवेशिक बस्तियों ने 4 जुलाई 1776 को ख़ुद को ब्रितानी साम्राज्य से अलग कर स्वतंत्रता की घोषणा की थी। इन्हीं 13 ब्रितानी औपनिवेशिक बस्तियों ने ही ब्रितानी साम्राज्य से बग़ावत कर आज के अमेरिका की बुनियाद डाली थी।