अमेरिका ने पाकिस्तान को आतंकवादियों के एजेंडा और उनके संबद्ध समूहों के आधार पर उनके बीच भेदभाव नहीं करने की नसीहत दी है। साथ ही उसने यह भी सुनिश्चित करने को कहा है कि देश आतंकवादियों के लिए कोई पनाहगाह नहीं हो।
अमेरिकी विदेश विभाग की प्रवक्ता एलिजाबेथ ट्रूदू ने कहा, ‘हमने चरमपंथियों को पनाह न देने की आवश्यकता के संबंध में पाकिस्तान सरकार के समक्ष सर्वोच्च स्तर पर लगातार अपनी चिंता जाहिर की है।
हमने पाकिस्तान सरकार पर उनकी निर्दिष्ट प्रतिबद्धताओं, वचनबद्धताओं को पालन करने पर जोर दिया है और आतंकवादियों के एजेंडे और उनके संबद्ध समूहों के आधार पर उनके बीच अंतर नहीं करने को कहा है।’ एलिजाबेथ ने पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल राहिल शरीफ की उस बात पर ध्यान आकृष्ट किया, जिसमें उन्होंने आतंकवादियों के बीच अंतर नहीं करने की बात कही थी।