अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव परिणामों में डोनाल्ड ट्रंप और हिलेरी क्लिंटन के बीच चल रही जोर आजमाइश में भारत के लिए एक अच्छी खबर आई है। भारतीय मूल की कमला हैरिस सीनेटर का चुनाव जीत गई हैं। उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी डेमोक्रैट लॉरेट सांशेज को लगभग एकतरफा मुकाबले में मात दे दी।
कैलिफोर्निया की अटार्नी जनरल कमला हैरिस ने सीनेट में पहुंचकर इतिहास रच दिया है। वह भारतीय मूल की पहली महिला हैं जो सीनेट में पहुंची हैं। अमेरिकी कांग्रेस के उच्च सदन में पहुंचने वाली पहली भारतीय कमला हैरिस को राष्ट्रपति बराक ओबामा और उप राष्ट्रपति जो बोइडेन का समर्थन हासिल था।
हालांकि चुनाव से पहले ही 51 वर्षीय हैरिस की जीत की प्रबल संभावना जताई जा रही थी। चुनाव पूर्व हुए तमाम सर्वेक्षणों में वह अपने प्रतिद्वंदी से काफी आगे दिख रही थी, जिसके बाद से उनकी जीत की अटकलें तेज हो गईं थी। मंगलवार को हुए चुनाव में इस पर मुहर भी लग गई।