अफगानिस्तान के जलालाबाद में एक अफगान सैनिक ने गोलीबारी कर एक अमेरिकी सैनिक की हत्या कर दी। अमेरिकी सैनिकों की जवाबी कार्रवाई में हमलावर अफगान सैनिक भी मारा गया।
यह 'अंदरूनी हमला' तब हुआ जब एक अमेरिकी राजनयिक प्रांतीय गवर्नर से मिलकर लौट रहे थे। पिछले कुछ समय में नाटो के सैनिकों पर हमले की ऐसी कई घटनाएं सामने आई हैं। इस तरह के हमलों को 'ग्रीन ऑन ब्लू' कहा जाता है। जनवरी में एक अफगान सैनिक ने तीन अमेरिकी कॉन्ट्रैक्टरों को मार दिया था।
विरोधाभास
हमले की वजह का अभी पता नहीं चला है। शुरूआती रिपोर्ट में विरोधाभासी जानकारी मिल रही है। प्रांत के पुलिस अधिकारी जनरल फजल शेरज़ाद ने समाचार एजेंसी एपी को बताया, "अचानक एक अफ़ग़ान सैनिक ने परिसर में मौजूद अमेरिकी सैनिकों पर गोली चलाना शुरू कर दिया।"
जबकि समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अन्य पुलिस अधिकारी के हवाले से कहा कि अभी स्पष्ट नहीं है कि गोलियां पहले किस तरफ से चलीं। वहीं, काबुल स्थित अमेरिकी दूतावास की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि घटना में उसका कोई कर्मचारी घायल नहीं हुआ है।