अमेरिका में एक तरफ जहां पुलिस कनेक्टीकट राज्य के एक स्कूल में हुई गोलीबारी के पीछे के कारणों को तलाशने में जुटी है वहीं ओक्लाहोमा राज्य में एक छात्र को अपने स्कूल में बम रखने और गोलीबारी करने की योजना बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
इस 18 वर्षीय छात्र का नाम सैम ईगलबीयर चावेज है और उस पर बार्टेल्सविले में अपने स्कूल में बम रखने और छात्रों को गोली से उड़ाने की योजना बनाने के आरोप तय किए गए हैं ।
गिरफ्तारी हलफनामे में कहा गया है कि चावेज ने अपनी इस योजना में अन्य छात्रों को शामिल करने की भी कोशिश की।
स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार चावेज ने अपनी मदद न करने वाले छात्रों को जान से मारने की धमकी भी दी। वो बम रखने की योजना बना रहा था कि पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
भीषण गोलीबारी
ये गिरफ्तारी ऐसे समय में हुई जब शुक्रवार को 20 वर्षीय एक बंदूकधारी ने कनेक्टीकट प्रांत के न्यूटाउन शहर के एक स्कूल में 20 बच्चों और छह वयस्कों की गोलीमार कर हत्या कर दी।
पुलिस का कहना है कि हमलावर मौके पर ही मारा गया।
पुलिस के अनुसार उन्हें कुछ ऐसे सबूत मिले हैं जिनसे इस भीषण गोलीबारी के पीछे मकसद का पता लगाने में मदद मिल सकती है।
चश्मदीदों का कहना है कि हमलावर एडम लांजा ने बच्चों पर गोलियां चलाते हुए और खुद को मारने से पहले कुछ नहीं कहा था।
सैंडी हुक एलेमेंट्री स्कूल में हुई इस घटना में मारे गए लोगों की पहचान कर ली गई है लेकिन उनके नाम जारी किए जाने अभी बाकी हैं।
इस घटना के बाद सरकारी इमारतों पर अमेरिकी झंडे आधे ही फहराए गए।
हाल के दिनों में अमेरिका में बढ़ती गोलीबारी की घटनाओं को देखते हुए राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत कई राजनेताओं ने देश के हथियार रखने संबंधी क़ानून में बदलाव की वकालत की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
लांज़ा ने 27 लोगों को गोली मारने से पहले अपनी मां को भी मार डाला था और ये सब कुछ ही मिनटों में हुआ था।