विश्व के तीसरे सबसे बड़े हिंदू धर्म को लेकर आकर्षण बढ़ते जा रहा है। अमेरिका के वर्जिनिया में 30 साल पुराना चर्च अब स्वामीनारायण हिंदू मंदिर में परिवर्तित होने जा रहा है। अहमदाबाद का स्वामी नारायण संस्थान के महंत भगवतप्रियदास स्वामी ने बताया है कि संस्थान के आध्यात्मिक प्रमुख पुरुषोत्तमप्रियदास स्वामी के नेतृत्व में मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कराई जाएगी।
वर्जीनिया में हरि भक्तों के लिए पहला मंदिर
वर्जिनिया के पोर्ट्समाउथ में बना यह चर्च पांच एकड़ में फैला हुआ है। स्वामी नारायण संस्थान ने इसे 11 करोड़ रुपये में खरीदा है। संस्थान के मुताबिक यह स्थान पहले से ही पवित्र है लिहाजा इमारत में ज्यादा बदलाव नहीं किया जाएगा। यह दुनिया का 9वां जबकि अमेरिका का छठा चर्च है जिसे मंदिर में बदला जा रहा है। इससे पहले कैलिफॉर्निया, लुइसेविले, पेन्सिलवेनिया, लॉस ऐंजेलिस और ओहिओ मे भी इस संस्था द्वारा चर्च को मंदिर में परिवर्तित किया जा चुका है। इसी तरह यूके के लंदन और बॉल्टन स्थित चर्च को भी मंदिर में परिवर्तित किया जा चुका है।
वर्जीनिया में बड़ी मात्रा में भारतीय रहते है। इनमें से 10 हजार से ज्यादा तादाद उत्तरी गुजरात से आए प्रवासी भारतीयों की है। भारतीय मूल के लोगों की यहां एक मंदिर के निर्माण की इच्छा थी और अब इस चर्च के मंदिर में बदलने से यह इच्छा भी पूरी हो गई है।