अमेरिका अफगानिस्तान से अपने सैनिकों को कम करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत इस साल नवंबर तक वह अफगानिस्तान में अपने सैनिकों की संख्या घटाकर 5000 से कम करेगा।
अमेरिकी रक्षा मंत्री मार्क एस्पर ने कहा कि हमने अफगानिस्तान में अपने सैनिकों की संख्या में कटौती करने की योजना बनाई है। नवंबर के आखिर तक अफगानिस्तान में अमेरिकी सैनिकों की संख्या घटाकर 5000 से कम करने की तैयारी चल रही है।
एस्पर का बयान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इसी हफ्ते की शुरुआत में अफगानिस्तान में सैनिकों की संख्या कम करने को लेकर दिए गए बयान के बाद आया है। वर्तमान में अफगानिस्तान में लगभग 8600 अमेरिकी सैनिक तैनात हैं।
ट्रंप ने कहा था कि अमेरिका अफगानिस्तान में अपने तैनात सैनिकों की संख्या लगभग 4000 करने की योजना पर काम कर रहा है। फरवरी, 2020 में अमेरिका और तालिबान के बीच करीब 18 महीनों की बातचीत के बाद एक शांति समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे।
समझौते का मुख्य केंद्र अफगानिस्तान से अमेरिकी सैनिकों की वापसी और इंट्रा-अफगान शांति वार्ता की शुरुआत करना था। कतर के दोहा में अमेरिका और तालिबान के बीच शांति समझौते पर सहमति बनी थी।