अमेरिका के दक्षिण कैलिफोर्निया में एक व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत हो गई। मौत से एक दिन पहले उसने फेसबुक पर एक पार्टी में शरीक होने को लेकर अपना डर और खेद व्यक्त किया। 51 साल के मृतक का नाम थॉमस मैसियस है। वह पिछले महीने अपने घर के पास एक बारबेक्यू में गए थे।
पार्टी के बाद उनकी तबियत खराब होने लगी। उनके परिवार ने बताया कि थॉमस ने 20 जून को अपने प्रियजनों को वायरस के जोखिमों के बारे में चेतावनी देने के लिए फेसबुक पर एक मार्मिक संदेश लिखा।
थॉमस ने फेसबुक पर लिखा, ‘मैं कुछ हफ्ते पहले बाहर गया था। अपनी मूर्खता के कारण मैंने अपनी मां और बहनों और अपने परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य को खतरे में डाल दिया। यह बहुत दर्दनाक अनुभव रहा है। यह कोई मजाक नहीं है। यदि आपको बाहर जाना है, तो मास्क पहनें, और सामाजिक दूरी का पालन करें। उम्मीद है कि भगवान की मदद से मैं इससे बच जाऊंगा।’
यह भी पढ़ें- अमेरिका में पिछले 24 घंटे में सामने आए कोरोना वायरस के 54879 मामले
हालांकि थॉमस संक्रमण से ठीक नहीं हो पाए। इस पोस्ट के एक दिन बाद ही उनकी मौत हो गई। पार्टी में शामिल होने वाला मैसियस का एक दोस्त कोरोना से संक्रमित था। थॉमस एक ट्रक ड्राइवर के तौर पर काम करते थे और डायबिटिज से पीड़ित थे। जिसकी वजह से उनकी हालत खराब हो गई।
डॉक्टर्स का कहना है कि डायबिटिज, फेफड़ों की बीमारी और अस्थमा से पीड़ित मरीज कोरोना के उच्चतम जोखिम के अंतर्गत आते हैं। उनके जीजा गुस्तावो लोपेज ने सीएनएन को बताया कि बारबेक्यू से पहले वह (थॉमस) कभी घर से बाहर नहीं गया था। लेकिन वह अविश्वसनीय रूप से सामाजिक व्यक्ति था और अलग-थलग महसूस कर रहा था। जब राज्य ने कुछ प्रतिबंध हटा दिए तो उसने अपने दोस्तों से मिलने का फैसला किया।
लोपेज ने कहा, ‘जहां भी वह जाता था वह तुरंत दोस्त बना लेता था। वह अपने परिवार और दोस्तों को काफी याद कर रहा था। इसलिए जैसे ही कुछ प्रतिबंध हटाए गए वह अपने दोस्तों के साथ मिलने के लिए चला गया और उसे इसका यह परिणाम मिला।’ उन्होंने बताया कि पार्टी में एक दोस्त कोरोना से पीड़ित था।