अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) ने कर्ज में डूबे पाकिस्तान को 50 करोड़ डॉलर का कर्ज देने को मंजूरी दे दी है। पाक अखबार डॉन ने आईएमएफ के अधिकारियों के हवाले से बताया कि पाक को आने वाले समय में दी जाने वाली यह रकम पहले मंजूर किए गए कर्ज की तीसरी किश्त के तौर पर दी जाएगी।
पाकिस्तान को छह अरब डॉलर के ऋण कार्यक्रम की समीक्षा करने के बाद ये फैसला आईएमएफ के कार्यकारी बोर्ड ने लिया है। हालांकि समीक्षा कई बार टाले जाने के बाद अब जाकर पूरी हुई है। आईएमएफ ने कहा है कि इस कार्यक्रम को जुलाई 2019 में मंजूरी मिली थी।
पाकिस्तान को आने वाले समय में दो अरब अमेरिकी डॉलर का कर्ज मिलेगा। आईएमएफ की उप प्रबंध निदेशक एंटोयनेट सायेह ने कहा, कोविड-19 से जुड़ी चुनौतियों के बीच पाक अर्थव्यवस्था को समर्थन देने के लिए यह कर्ज दिया जाएगा।