अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप को लेकर उनके ही करीबी द्वारा दिए बयान से विपक्ष को नया मुद्दा मिल गया है। ट्रंप के करीबी अटाॅर्नी जनरल विलियम बर ने ट्रंप पर बेतुके बयान और बेवजह ट्वीट करने का आरोप लगाया है।
इससे पहले जब उनसे पूछा गया था कि क्या राष्ट्रपति आपके काम में हस्तक्षेप कर रहे हैं तो उन्होंने इनकार किया था, लेकिन अब वे खुद उन पर हस्तक्षेप का आरोप लगा रहे हैं। इसके चलते अमेरिकी सदन के डेमोक्रेट्स सदस्यों ने ट्रंप के खिलाफ कड़ा रुख अपना लिया है।
बर ने साक्षात्कार के दौरान कहा कि मैं विभाग से संबंधित रैंक और फाइलों को मजबूत सुरक्षा प्रदान करना चाहता हूं, लेकिन ट्रंप का ट्वीट इसे असंभव बना रहा है। बर ने कहा कि मुझे उनके ट्वीट्स से अब परेशानी होने लगी है। उनके लगातार फिजूल के तर्कों काे दिमाग में रखते हुए मैं काम नहीं कर सकता। मुझे लगता है कि उन्हें अब न्याय विभाग के आपराधिक मामलों के बारे में ट्वीट करना बंद कर देना चाहिए।
बर ने कहा कि विभाग के बारे में, विभाग के लोगों के बारे में, हमारे पुरुषों और महिलाओं के बारे में, विभाग में लंबित मामलों के बारे में और न्यायाधीशों के बारे में जिनके पास हमारे मामले हैं ट्रंप द्वारा सार्वजनिक बयान और ट्वीट करने से मेरे लिए अपना काम करना असंभव हो गया है।