यह एहतियाती कदम 12 जून को भारत के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उठाया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दोनों फ्यूल स्विच बंद हो गए थे।
एअर इंडिया विमान हादसे को लेकर आई AAIB की रिपोर्ट में फ्यूल स्विच को लेकर किए गए दावे के बाद बोइंग के ईंधन स्विच लॉक की जांच तेज हो गई है। बीते सोमवार को भारत ने अपनी एयरलाइनों को बोइंग मॉडलों के ईंधन स्विच की जांच करने का आदेश दिए, इसके बाद दक्षिण कोरिया ने मंगलवार को इसी तरह के जांच के आदेश दिए। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया की क्वांटस एयरवेज और जापान की एएनए एयरलाइन भी इसमें शामिल हैं। अन्य एयरलाइनों ने कहा कि उन्होंने एयर इंडिया दुर्घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट जारी होने के बाद से एहतियात के रूप में जांच के आदेश दिए हैं।
विज्ञापन
सिंगापुर एयरलाइंस ने मंगलवार को कहा कि उसके बोइंग-787 बेड़े के सभी ईंधन स्विचों की एहतियातन जांच की गई। हालांकि, सभी स्विच ठीक से काम कर रहे हैं। जर्मन एयरलाइन लुफ्थांसा समूह ने कहा कि उसने भी एअर इंडिया हादसे के बाद से अपने बोइंग-787 विमानों के स्विचों की दोबारा जांच की है और कोई समस्या नहीं पाई गई है।
गौरतलब है कि यह एहतियाती कदम 12 जून को भारत के अहमदाबाद में हुए विमान हादसे की शुरुआती जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद उठाया गया है। प्रारंभिक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उड़ान भरने के तुरंत बाद विमान के दोनों फ्यूल स्विच बंद हो गए थे। इस बीच अमेरिकी संघीय उड्डयन प्रशासन (एफएए) और बोइंग ने कहा है कि उसके विमानों के ईंधन नियंत्रण स्विच सुरक्षित होते हैं। 2018 में एफएए ने एक एडवाइजरी जारी कर ईंधन कटऑफ स्विच के लॉकिंग सिस्टम को जांचने को कहा था लेकिन इसे अनिवार्य नहीं बनाया था।