नाटो देशों ने इदलिब में हुए ताजा हमलों की कड़ी प्रतिक्रिया दी है। नाटो प्रमुख जेन स्टोल्टेनबर्ग ने असद सरकार और रूस द्वारा किए गए अंधाधुंध हमलों की निंदा की है। जबकि रूस ने तुर्की पर सीरिया में आतंकियों को मदद पहुंचाने का आरोप लगाया है। इस बीच, अमेरिका ने सीरिया सरकार और उसके सहयोगी रूस से इदलिब में अपना घिनौना अभियान बंद करने की मांग की और तुर्की का समर्थन किया।
साढ़े नौ लाख लोगों ने किया पलायन
इदलिब में सीरियाई सरकार के आक्रमण से बचने के लिए करीब साढ़े नौ लाख लोग क्षेत्र को छोड़कर भाग गए हैं। तुर्की में पहले ही सीरिया के करीब 36 लाख शरणार्थी मौजूद हैं जो दुनिया में शरणार्थियों का एक बड़ा आंकड़ा है। ऐसे में तुर्की अब और विस्थापितों को शरण देने की स्थिति में नहीं है। तुर्की ने कहा है कि वह अब यूरोप जाने वाले सीरियाई शरणार्थियों को रोकने की कार्रवाई नहीं करेगा।