एअर इंडिया की लंदन से दिल्ली आने वाली उड़ान एआई-2018 को शुक्रवार को 11 घंटे से अधिक की देरी का सामना करना पड़ा। अब यह उड़ान शनिवार सुबह लंदन समयानुसार 8:00 बजे रवाना होगी। एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया, 1 अगस्त को लंदन हीथ्रो से दिल्ली आने वाली फ्लाइट AI2018 की रवानगी में देरी एयरक्राफ्ट के देर से आगमन के कारण हुई है। इस देरी के कारण फ्लाइट क्रू की ड्यूटी समय सीमा पार हो गई और लंदन एयरपोर्ट पर लगे नाइट कर्फ्यू के चलते ऑपरेशन संभव नहीं हो सका।
एअर इंडिया ने कहा है कि उडान रद्द के कारण यात्रियों को पूर्ण रिफंड या फ्री री-शेड्यूलिंग का विकल्प यात्रियों को दिया जा रहा है। इसके साथ ही लंदन में एयरलाइन के ग्राउंड स्टाफ यात्रियों को होटल और रिफ्रेशमेंट जैसी सुविधाएं भी दे रहे हैं ताकि उन्हें कम से कम असुविधा हो। गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले यानी 31 जुलाई को दिल्ली से लंदन जाने वाली फ्लाइट AI2017 को तकनीकी समस्या के चलते टेकऑफ से ठीक पहले रोक दिया गया था।
हाल के हफ्तों में एअर इंडिया के विमानों से जुड़ी कई समस्याएं सामने आई हैं और एयरलाइन नियामकीय जांच के दायरे में भी आई है। बता दें कि 12 जून को लंदन जा रहा एअर इंडिया का ड्रीमलाइनर बोइंग 787-8 विमान अहमदाबाद से उड़ान भरने के तुरंत एक इमारत से टकरा गया था। जिसमें 260 लोग मारे गए थे।