चीन के विदेश मंत्रालय प्रवक्ता ल्यू कांग ने भारत की तरफ से एयर स्ट्राइक की कार्रवाई को असैन्य कार्रवाई बताए जाने के सवाल पर कहा, जैसा कि भारत ने आतंक के खिलाफ कार्रवाई का दावा किया है, तो आतंकवाद का विरोध वैश्विक मुद्दा है। कांग ने कहा, इसके लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग आवश्यक है और भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने पक्ष में परिस्थिति बनानी चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया ने पाकिस्तान को अपनी धरती पर मौजूद जैश-ए-मोहम्मद समेत तमाम आतंकी संगठनों पर ‘तत्काल और अर्थपूर्ण’ कार्रवाई करने को कहा। साथ ही स्पष्ट तौर पर पाकिस्तान को चेतावनी भी दी कि उसे अब और ज्यादा समय तक अपनी धरती से कार्रवाई संचालित करने के लिए आतंकियों को पनाह देने की इजाजत नहीं मिल सकती।
ऑस्ट्रेलिया की विदेश मंत्री मारिसे पायने का यह बयान भारतीय वायुसेना की तरफ से की गई एयर स्ट्राइक के कुछ घंटे बाद आया। इस बयान को भारत के सीमा उल्लंघन पर अंतरराष्ट्रीय बिरादरी से समर्थन की उम्मीद कर रहे पाकिस्तान को करारा झटका माना जा रहा है। पायने ने भारत और पाक से संयम बरतने की अपील की और कहा कि दोनों देशों को आपसी मुद्दे शांतिपूर्वक वार्ता से हल करने चाहिए।
पायने ने कहा, पाकिस्तान को अपनी सीमा के अंदर मौजूद 14 फरवरी को पुलवामा हमले की जिम्मेदारी लेने वाले जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-ताइबा समेत सभी आतंकी समूहों के खिलाफ तत्काल और अर्थपूर्ण कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही ऑस्ट्रेलियाई विदेश मंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को जैश पर अभियोजन कार्रवाई करने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करना चाहिए।
पायने ने उन रिपोर्ट का भी संज्ञान लिया, जिनमें कहा गया था कि अब भारत पाकिस्तान में मौजूद आतंकी समूहों को निशाना बनाकर ऑपरेशन चला सकता है। उन्होंने कहा, हमारी सरकार भारत और पाक के बीच संबंधों को लेकर चिंता में है। ऑस्ट्रेलिया दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील करता है। साथ ही कोई भी ऐसा कदम नहीं उठाने का आग्रह करता है, जिससे क्षेत्र में शांति और सुरक्षा की स्थिति खतरे में आ जाए।