अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को कहा कि उनकी जल्द ही तालिबान के नेताओं से मुलाकात करने की योजना है। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ गया है कि आतंकवाद के खिलाफ युद्ध कोई और लड़े, खासतौर से उस क्षेत्र के देश यह लड़ाई लड़ें।
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं जल्द ही तालिबान के नेताओं से व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात करूंगा। हम उम्मीद कर रहे हैं कि उन्होंने जो कहा वे उस पर अमल करेंगे, वे आतंकवादियों का खात्मा करेंगे। वे कुछ बहुत बुरे लोगों का खात्मा करेंगे। वे इस लड़ाई को जारी रखेंगे।’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ‘हमें अफगानिस्तान में आतंकवादियों का सफाया करने में बड़ी सफलता मिली लेकिन इतने वर्षों के बाद अब वक्त आ गया है कि अपने लोगों को घर वापस लाया जाए। हम अपने लोगों को घर लाना चाहते हैं।’
ट्रंप का यह बयान तब आया है जब कुछ घंटों पहले अमेरिका और तालिबान ने दोहा में एक एतिहासिक समझौते पर हस्ताक्षर किए, जिसके तहत अमेरिका 14 माह के अंदर अपने सैनिकों को अफगानिस्तान से वापस बुला लेगा।