व्हाइट हाउस में मौजूद राष्ट्रपति ट्रंप के सलाहकारों ने उन्हें बताया है कि अगर चुनाव को लेकर वह कानूनी लड़ाई जारी रखते हैं तो उनके जीतने के आसार कम हैं। कई रिपब्लिकन इस समय बंटे हुए हैं कि कानूनी कार्रवाई पर आगे बढ़ना चाहिए या नहीं।
ट्रंप के निजी वकील रूडोल्फ गियुलियानी जहां कानूनी कार्रवाई पर आगे बढ़ने का समर्थन कर रहे हैं, वहीं उनके सलाहकार व सचिव इसके खिलाफ हैं। वे मानते हैं कि कानूनी कार्रवाई के बावजूद चुनाव परिणाम अब नहीं बदलने वाला। इसके बावजूद ट्रंप ने रविवार शाम घोषणा की है कि जॉर्जिया में प्रतिनिधि डो कॉलिन्स फिर से होने वाली गणना की निगरानी करेंगे।
बुश की बाइडन को बधाई, ट्रंप को नसीहत
पूर्व राष्ट्रपति व रिपब्लिकन नेता जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने बाइडन को बधाई देते हुए शनिवार रात दिए उनके भाषण को यादगार बताया। उन्हाेंने कहा कि राजनीतिक मतभेद के बावजूद वह जानते हैं कि बाइडन एक अच्छे व्यक्ति हैं। उपराष्ट्रपति बनने जा रहीं कमला हैरिस को भी शुभकामनाएं देकर बुश ने उनकी जीत को ऐतिहासिक बताया। वहीं, ट्रंप को नसीहत देते हुए कहा कि उन्हें फिर से मतगणना करवाने या कानूनी रास्ता अपनाने का हक है, लेकिन अमेरिकी नागरिकों को विश्वास है कि चुनाव निष्पक्ष तरीके से करवाए गए।