हाल के दिनों में लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हुए एप टिकटॉक पर पाकिस्तान में प्रतिबंध लगाए जाने की मांग उठी है। दरअसल, एक वकील ने लाहौर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। वकील का कहना है कि टिकटॉक पाकिस्तान में अश्लीलता का साधन बना हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, वकील नदीम सरवर ने अपनी याचिका में टिक टॉक को आधुनिक समय को सबसे बड़ी बुराई बताया है। यह युवाओं को बर्बाद कर रहा है और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रहा है। संघीय कानून मंत्रालय, पाकिस्तान टेलीकम्यूनिकेशन अथॉरिटी (पीटीए) व पाकिस्तान इलेक्ट्रॉनिक मीडिया रेग्युलेटरी अथॉरिटी (पीईएमआरए) को याचिका में एक पक्ष के तौर पर सूचीबद्ध किया गया है।
वकील ने कहा कि एप्लीकेशन नकारात्मक सामाजिक प्रभाव डाल रहा है। साथ ही बांग्लादेश, मलेशिया में अनुचित सामग्री को लेकर प्रतिबंधित है। इसका इस्तेमाल लोगों का मजाक बनाने के लिए किया जा रहा है। वकील ने तर्क दिया कि बहुत सी ब्लैकमेलिंग की घटनाएं पहले ही हो चुकी हैं, जिसमें लोगों ने चुपके से विडियो रिकॉर्ड किया और टिकटॉक पर वायरल कर दिया। वकील ने अदालत से टिकटॉक को पाकिस्तान में पूरी तरह से प्रतिबंध लगाने का निर्देश देने का आग्रह किया।