पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) के एक विमान में उस वक्त अफरा तफरी मच गई जब विमान में सवार एक महिला यात्री ने शौचालय समझकर आपातकालीन निकास द्वार खोल दिया। महिला ने गलती से आपातकालीन निकास द्वार के बटन को शौचालय का दरवाजा सोच कर दबा दिया, जिससे आपातकालीन ढलान सक्रिय हो गया। इससे यात्रियों में मची अफरा-तफरी के कारण उड़ान में सात घंटे की देरी हो गई।
पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमान कंपनी ने बताया कि शनिवार तड़के विमान मैनचेस्टर हवाई अड्डे के रनवे पर खड़ा था। उसी दौरान महिला यात्री ने बटन दबा दिया जिससे आपातकालीन निकास द्वार खुल गया। मामले को लेकर पीआईए के एक प्रवक्ता ने कहा कि पीआईए की मैनचैस्टर उड़ान 'पीके 702' सात घंटे लंबित हुई।
घटना के बाद मानक संचालन प्रक्रिया के तहत करीब 40 यात्रियों को उनके सामान के साथ विमान से नीचे उतारा गया। पीआईए ने कहा कि यात्रियों के परिवहन और होटल में ठहरने का इंतजाम किया गया और बाद में उन्हें अन्य उड़ान से भेजा गया। पीआईए के मुख्य कार्यकारी एयर मार्शल अरशद मलिक ने घटना की जांच के आदेश दे दिये हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय विमान कंपनी वर्षों से घाटे में चल रही है और सरकार उसकी हालत सुधारने का प्रयास कर रही है।