फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इंग्लैंड में सिख बस ड्राइवर पर हमला: पहले खींची दाढ़ी, फिर बस लेकर भागा आरोपी, कई वाहनों को मारी टक्कर

Sun, 20 Sep 2026 01:28 PM IST
अमन तिवारी वर्ल्ड डेस्क, अमर उजाला, लंदन

सार

इंग्लैंड के टेलफोर्ड में एक सिख बस ड्राइवर पर हमला कर 33 वर्षीय यमनी नागरिक ने उसकी बस छीन ली। इसके बाद उसने बस को सड़क की गलत दिशा में दौड़ाते हुए कई वाहनों को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज किए हैं।

विज्ञापन
इंग्लैंड में सिख बस ड्राइवर पर हमला - फोटो : सोशल मीडिया / अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

इंग्लैंड के टेलफोर्ड शहर में शुक्रवार शाम एक सिख बस ड्राइवर के साथ मारपीट करने और उसकी बस छीनने की हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आरोपी ने बस छीनने के बाद उसे सड़क की उल्टी दिशा में दौड़ाया और कई गाड़ियों को टक्कर मार दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जिसकी पहचान यमन के 33 वर्षीय नागरिक अली बलहाद के रूप में हुई है। यह वारदात 18 सितंबर की शाम लगभग 6:30 बजे मेडले स्थित कोर्ट स्ट्रीट पर हुई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।
विज्ञापन


कैमरे में कैद हुआ हमला
वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि यमनी नागरिक अली बलहाद ने सिख ड्राइवर की दाढ़ी खींची और फिर अपने सिर से ड्राइवर के सिर पर जोर से वार किया। इस दौरान वीडियो बना रही एक महिला ने पूछा, तुम उसे इस तरह क्यों छू रहे हो? पीड़ित ड्राइवर ने महिला से मदद मांगते हुए कहा- कृपया पुलिस को फोन करें, बस इस व्यक्ति को मुझसे दूर ले जाएं।

इसके बाद हमलावर बस के तारों को खींचने लगा और तोड़फोड़ करने लगा। आरोपी ने ड्राइवर के केबिन से लाइट जैसी कोई चीज निकाली और सिख ड्राइवर को मारने की धमकी देते हुए बार-बार बस सौंपने को कहा। यह हमला एक मिनट से ज्यादा समय तक चला। इसके बाद आरोपी ने ड्राइवर को बस से बाहर धक्का दे दिया और खुद स्टीयरिंग संभाल ली।
विज्ञापन


गलत दिशा में दौड़ाई बस
मामले को लेकर वेस्ट मर्सिया पुलिस ने बताया- आरोपी बस को पार्क वे से हाई स्ट्रीट की तरफ ले गया। उसने बस को सड़क की गलत दिशा में तेज रफ्तार में दौड़ाया, जिससे वह कई वाहनों से टकरा गई। वीडियो में एक महिला रोते हुए लोगों को रास्ते से हटने को कह रही थी और वह बस के पीछे भागती नजर आ रही थी।

ये भी पढ़ें: मक्का समझौते पर सवाल: हूती लड़ाकों की पाकिस्तान-तुर्किये को धमकी- सऊदी अरब का साथ दिया तो अंजाम भुगतना होगा

पुलिस को शाम 6:37 बजे मामले की सूचना मिली। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बस को रुकवाया और लूट तथा खतरनाक ड्राइविंग के आरोपी को पकड़ लिया। सिख ड्राइवर को मामूली चोटें आई थीं, जिनका इलाज किया गया। घटना में किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई।

पुलिस की कार्रवाई और अपील
मामले को लेकर टेलफोर्ड के स्थानीय पुलिस अधीक्षक एडवर्ड हैनकॉक्स ने बताया कि पहली कॉल मिलने के 10 मिनट के भीतर मेलिन्सगेट पुलिस स्टेशन के हथियारबंद जवानों सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। डिटेक्टिव सार्जेंट ताईग लैनी ने बताया कि मामले की जांच चल रही है और आरोपी पुलिस हिरासत में है। पुलिस ने आम लोगों और गवाहों से अपील की है कि जिनके पास कोर्ट स्ट्रीट, पार्क वे या हाई स्ट्रीट इलाके का डैशकैम, सीसीटीवी या मोबाइल वीडियो फुटेज हो, वे जांच में मदद के लिए पुलिस से साझा करें।
विज्ञापन


आरोपी पर कई गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, यमन का नागरिक अली बलहाद करीब एक हफ्ते से टेलफोर्ड में रह रहा था। उस पर जबरन वाहन छीनने, हमला करने, गंभीर चोट पहुंचाने की कोशिश, खतरनाक ड्राइविंग, लूट, दुकान में चोरी, जान से मारने की धमकी और नुकसान पहुंचाने जैसे कई गंभीर मामलों में केस दर्ज किया गया है। उसे हिरासत में रखा गया है और सोमवार को उसे टेलफोर्ड मजिस्ट्रेट कोर्ट में पेश किया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें