पूर्वी अफ्रीका देश तंजानिया के पूर्वी हिस्से में शनिवार को एक तेल टैंकर में विस्फोट हो गया जिसमें कम से कम 62 लोगों की मौत हुई है। लोग टैंकर में से रिस रहे तेल को लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे। सरकारी प्रसारक केबीसी ने बताया कि शनिवार तड़के मोरोगोरो शहर में हुई घटना में कम से कम 70 लोग जख्मी हुए हैं।
क्षेत्रीय पुलिस प्रमुख विल्ब्रोड माटाफुंगवा ने संवाददाताओं से कहा, यह एक भीषण धमाका था, जिसमें अब तक 57 लोगों की जान गई है। चमश्दीदों ने बताया कि धमाके की जद में आकर कई बाइकें, टैक्सियां और पेड़ खाक हो गए।
माटाफुंगा ने बताया कि मृतकों में ज्यादातर टैक्सी के चालक और स्थानीय निवासी हैं जो टैंकर के पलटने के बाद उसमें से रिस रहे तेल को लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंच गए थे। पुलिस ने बाद में बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है।
चश्मदीदों ने बताया कि शनिवार सुबह तेल टैंकर दुर्घटना का शिकार हो गया था, जिसके बाद सैकड़ों लोग टैंकर के पास जमा हो गए थे। वे टैंकर से रिस रहे तेल को लेने के लिए घटनास्थल पर पहुंचे थे तभी टैंकर में विस्फोट हो गया।
घटनास्थल तंजानिया के आर्थिक केंद्र दार-एस-सलाम से करीब 200 किलोमीटर दूर स्थित है। इस तरह से टैंकर से तेल चुराने के दौरान लोगों का मरना पूर्वी अफ्रीका में आम बात है।