चीन के गुईझोउ प्रांत में एक यात्री बस के झील में गिर जाने से कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है और 15 लोग घायल हुए हैं। चीन की आधिकारिक मीडिया एजेंसी शिन्हुआ के अनुसार यह हादसा मंगलवार की दोपहर को हुआ। अनशुन शहर में यह बस रेलिंग से टकरा गई और होंगशान झील में गिर गई।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार हादसे में घायल हुए लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। बस को भी झील से निकाल लिया गया है। घटनास्थल पर मौजूद बचाव कर्मियों ने बताया कि हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है और लापता यात्रियों की तलाश की जा रही है।