आम नागरिक चुकाते हैं युद्ध की कीमत
संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुटेरस ने बूचा शहर का भी दौरा किया जहां उन्होंने रूसी सेना द्वारा बरती गई क्रूरता की निंदा की। यहां रूसी सैनिकों की वापसी के बाद नागरिकों के सामूहिक नरसंहार के सुबूत मिले थे। गुटेरस ने कहा, युद्ध की सबसे अधिक कीमत आम नागरिकों को चुकानी पड़ती है।
यूक्रेन के मुद्दे पर भारत से वार्ता जारी रखेगा अमेरिका : व्हाइट हाउस
व्हाइट हाउस प्रवक्ता जेन साकी ने कहा है कि यूक्रेन के मुद्दे पर अमेरिका की भारत के साथ वार्ता जारी है और अगले महीने जापान में होने वाले क्वाड शिखर सम्मेलन में भी इस पर बातचीत की जाएगी। उन्होंने कहा, युद्ध में यूक्रेनी लोगों की मदद के लिए भारतीय नेताओं से हमारी चर्चा जारी है चाहे वह हमारे द्वारा लगाए गए प्रतिबंध हों या हमारी सहायता हो। हम बैठक में ये बातें रखेंगे। क्वाड में ऑस्ट्रेलिया, भारत, जापान व अमेरिका शामिल हैं।
यूक्रेन की मदद के लिए अमेरिका में बिल पास, बाइडन ने मांगे 33 अरब डॉलर
अमेरिकी सीनेट ने यूक्रेन व अन्य पूर्वी यूरोप के देशों को रूसी हमले से लड़ने के लिए अमेरिकी उपकरण प्रदान करने के लिए द्वितीय विश्व युद्ध के सैन्य ऋण-पट्टा कार्यक्रम को व्यवस्थित करते हुए एक बिल को अंतिम रूप दिया। यह बिल 417-10 मतों के भारी बहुमत से पारित हुआ। अब कानून बनाने के लिए राष्ट्रपति के अंतिम हस्ताक्षर होना है। इस बीच, बाइडन ने अमेरिकी कांग्रेस से यूक्रेन के लिए 33 अरब डॉलर मांगे हैं। इनमें से 20 अरब डॉलर सैन्य मदद के लिए, 8.5 अरब डॉलर यूक्रेनी सहायता के लिए और शेष राशि लोगों की मदद के लिए दी जाएगी।