विश्व में कोरोना संक्रमितों की संख्या जहां 4.15 करोड़ के पार हो गई है वहीं अब तक 11.37 लाख से ज्यादा की जान जा चुकी है। इस बीच, यूरोपीय देशों में दूसरी लहर जोरों पर है जबकि अमेरिका में मृतक संख्या 2.27 लाख के पार हो चुकी है। यूरोप में फ्रांस, स्पेन और जर्मनी में परेशानी बढ़ी है।
पश्चिमी यूरोप में स्पेन ऐसा पहला देश है, जहां संक्रमितों की संख्या अब 10 लाख से ज्यादा हो गई है। सरकार ने भी साफ कर दिया है कि दूसरी लहर के ज्यादा घातक साबित होने की आशंका है, अत: प्रतिबंधों में सख्त बरती जाएगी।
दूसरी तरफ, फ्रांस में भी 10 लाख से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं और 34,000 से ज्यादा की मौत हो चुकी है। 9 शहरों में कर्फ्यू के बाद हालात कुछ सुधरे हैं। पहले एक दिन में करीब 40 हजार तक मामले सामने आए थे। बुधवार को यह संख्या 25 हजार नए मामलों की रही। इसी तरह जर्मनी में कोरोना के 11,287 नए मामलों की पुष्टि हुई है जो एक दैनिक रिकॉर्ड है।
पाकिस्तान : चिंता बढ़ी, लॉकडाउन संभव
पाकिस्तान में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी आने के कारण यहां के लोगों द्वारा स्वास्थ्य निर्देशों का पालन न करने से सरकार चिंता में पड़ गई है। लिहाजा, संबंधित विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि लोग स्वास्थ्य संबंधी दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन नहीं किया गया तो उनके पास फिर से लॉकडाउन के अलावा कोई विकल्प नहीं होगा।