फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

China: शी जिनपिंग की असीमित सत्ता की स्थापना, सीपीसी की 20वीं कांग्रेस में लगी मुहर

Sat, 22 Oct 2022 05:31 PM IST
अभिषेक दीक्षित डिजिटल ब्यूरो, अमर उजाला, बीजिंग

सार

शी ने कांग्रेस की उद्घाटन करते हुए अपने विचार रखे थे। उन्होंने चीन के ‘समाजवादी आधुनिकीकरण’, साझा समृद्धि, पर्यावरणीय सभ्यता के निर्माण, और 2049 तक चीन को पूर्णतः समृद्ध समाज बनाने के बारे में अपनी कार्ययोजना पेश की थी।
विज्ञापन
शी जिनपिंग - फोटो : PTI
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चीन की कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) की 20वीं कांग्रेस (महाधिवेशन) शनिवार को सेंट्रल कमेटी के चुनाव के साथ समाप्त हो गई। सेंट्रल कमेटी के सदस्यों की लिस्ट पर शुरुआती नजर डालने के बाद पर्यवेक्षकों की राय बनी है कि इस कांग्रेस से राष्ट्रपति शी जिनपिंग अधिक ताकतवर हो कर उभरे हैं। वैसे इस बारे में ज्यादा ठोस संकेत रविवार को मिलेगा, जब नए पोलित ब्यूरो और पोलित ब्यूरो की स्थाई समिति की घोषणा होगी। 

विज्ञापन


सेंट्रल कमेटी में 200 सदस्य और 170 वैकल्पिक सदस्य चुने गए हैं। 20वीं कांग्रेस ने मोटे तौर पर शी जिनपिंग की नीतियों और विचारों पर मुहर लगा दी है। हफ्ते चली कांग्रेस में संविधान संशोधन के एक से ज्यादा प्रस्ताव पारित किए गए। विश्लेषकों के मुताबिक, इससे शी जिनपिंग को वह दर्जा मिलने के संकेत मिले हैं, जैसा माओ जेदुंग के बाद किसी को चीन में नहीं मिला। माओ को वहां कम्युनिस्ट क्रांति का पिता माना जाता है।
 
वेबसाइट निक्कईएशिया.कॉम ने पार्टी के निकट सूत्रों के हवाले से दी अपनी रिपोर्ट में कहा है कि 20वीं कांग्रेस से सीपीसी में ऐसे परिवर्तनों को हरी झंडी मिल गई है, जिससे शी की एकछत्र सत्ता की पुष्टि होती है। साथ ही शी के विचारों और लेखन को भी पार्टी ने अपना लिया है। अमेरिकी थिंक टैंक यूरेशिया ग्रुप ने 20वीं कांग्रेस के दौरान मिली जानकारियों का विश्लेषण करते हुए कहा है कि जो संशोधन हुए हैं, वे शी की शक्ति के बारे में महत्त्वपूर्ण संकेत देते हैं। अब संभावना है कि शी की विचारधारा को पार्टी की विचारधारा माना जाएगा। इससे शी की हैसियत ऐसी हो जाएगी, जिसे चुनौती देना पार्टी के अंदर संभव नहीं रह जाएगा।
विज्ञापन


शी ने कांग्रेस की उद्घाटन करते हुए अपने विचार रखे थे। उन्होंने चीन के ‘समाजवादी आधुनिकीकरण’, साझा समृद्धि, पर्यावरणीय सभ्यता के निर्माण, और 2049 तक चीन को पूर्णतः समृद्ध समाज बनाने के बारे में अपनी कार्ययोजना पेश की थी। साथ ही उन्होंने 2035 तक चीन को हाई टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में दुनिया की अग्रणी शक्ति बनाने और उसी वर्ष तक देश में कानून के राज (रूल ऑफ लॉ) आधारित शासन कायम करने का लक्ष्य भी पेश किया है।    

इस बार की कांग्रेस में सीपीसी के 2,296 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सीपीसी की कांग्रेस का आयोजन हर पांच साल पर होता है। यह पार्टी की नीति को अंतिम रूप देने और पदाधिकारियों के चुनाव का मौका होता है। 20वीं कांग्रेस से मिले संकेतों के मुताबिक शी जिनपिंग अब पांच साल और सीपीसी के महासचिव, चीन के राष्ट्रपति, देश के राष्ट्रीय सैनिक आयोग के अध्यक्ष पद पर बने रहेंगे। चीन की व्यवस्था में पार्टी महासचिव सबसे महत्त्वपूर्ण पद होता है।
 
इस कांग्रेस के साथ सीपीसी ने हर दस साल पर नेतृत्व बदलने की दो दशकों से चल रही परंपरा को छोड़ दिया है। इस परंपरा के तहत जियांग जेमिन और हू जिनताओ ने दो कार्यकाल के बाद महासचिव पद नए पदाधिकारियों को सौंप दिए थे। लेकिन अब कई आलोचकों ने कहा है कि इस कांग्रेस ने शी जिनपिंग के जीवन भर महासचिव बने रहने का रास्ता साफ कर दिया है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें