दुनिया में कोरोना संक्रमित लोगों का आंकड़ा सोमवार को 2.92 करोड़ पार कर गया, जबकि 9.26 लाख की मौत हो चुकी है। महामारी की चपेट में आए 2.1 करोड़ ठीक भी हुए हैं। इस बीच, डब्ल्यूएचओ ने चेतावनी दी है कि यूरोप में अक्तूबर और नवंबर में कोरोना से हर दिन होने वाली मौतों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को यूरोपीय देशों में कुल 51 हजार से ज्यादा मामले सामने आए। हाल के दिनों में मामलों में बढ़ोतरी दर्ज हुई है। ऐसे में अक्तूबर और नवंबर में मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
डब्ल्यूएचओ यूरोप के मुताबिक, खासतौर पर स्पेन और फ्रांस में मामले तेजी से बढ़े हैं। रोजाना मौत की संख्या में कमी हुई है, लेकिन बढ़ते संक्रमित अगले दो महीनों पर मौत की संख्या बढ़ने के रूप में भारी पड़ सकते हैं।
इस्राइल दोबारा लॉकडाउन लगाने वाला पहला देश
येरूशलम। इस्राइल में संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच देशभर में फिर से लॉकडाउन की घोषणा कर दी गई है। इस्राइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने रविवार को तीन हफ्ते के लॉकडाउन का ऐलान किया। इसी के साथ इस्राइल दोबारा लॉकडाउन लगाने वाला दुनिया का पहला देश बन गया है।
शुक्रवार से लागू होने वाले नए लॉकडाउन के तहत लोगों को अपने घर से 500 मीटर के दायरे में ही रहना होगा। हालांकि, सीमित समय के लिए काम के लिए जाने की अनुमति दी गई है।
देश में रविवार को 1200 से अधिक केस दर्ज होने के बाद कुल संक्रमितों की संख्या 1,56,823 हो गई है। इस अवधि में सात लोगों की मौत के बाद कुल मृतक 1126 हो गए हैं।
अमेरिका में सबसे ज्यादा परीक्षण, पीएम मोदी ने की तारीफ : ट्रंप
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया कि कोरोना के परीक्षण में बेहतरीन काम के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी प्रशंसा की है। ट्रंप ने कहा, दुनियाभर में सबसे ज्यादा कोरोना टेस्ट अमेरिका में हो रहे हैं।
हम भारत व अन्य देशों की तुलना में सबसे ज्यादा परीक्षण कर रहे हैं। भारत परीक्षण के मामले में दूसरे स्थान पर है। पीएम मोदी ने मुझे फोन कर कहा कि परीक्षण को लेकर आपने शानदार काम किया है।
इटली में स्कूल खुले
इटली में छह माह के लॉकडाउन के बाद सोमवार को अधिकतर स्कूल खोल दिए गए। देश के 20 में से 13 क्षेत्रों में स्कूल खोले गए हैं। सोशल डिस्टेंसिंग के लिए देशभर के स्कूलों को 24 लाख नई डेस्क जुटानी पड़ रही हैं। समय पर इनकी आपूर्ति नहीं होने के चलते सात अन्य क्षेत्रों में अगले कुछ हफ्तों में स्कूल खोलने की योजना है। देश में 56 लाख स्कूली छात्र हैं।