कोरोना से दुनिया में 2.36 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.13 लाख जान गंवा चुके हैं। वहीं, अमेरिका में 1.80 लाख लोगों की वायरस से हुई मौत के बाद अमेरिकी खाद्य और औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अस्पताल में भर्ती कोरोना रोगियों की मदद के लिए रक्त प्लाज्मा के विस्तारित इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। एफडीए ने आपात हालातों में ही इसके इस्तेमाल को मंजूरी देने वाला आदेश जारी किया है।
अमेरिका में अब तक कुल 58.74 लाख लोग संक्रमण के शिकार हो चुके हैं। एफडीए ने अब कहा है कि कोरोना वायरस से ठीक हो चुके लोगों के प्लाज्मा से कोरोना पीड़ितों का अब इलाज किया जा सकेगा। प्लाज्मा थेरेपी को ऐसे वक्त में मंजूरी दी गई है जब राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ऊपर संक्रमण को रोकने का भारी दबाव है।
महामारी के कारण दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था को भी भारी चोट लगी है और ट्रंप के दोबारा राष्ट्रपति चुने जाने की उम्मीदों पर बादल मंडराने लगे हैं। हालांकि कुछ विशेषज्ञों ने साइड इफेक्ट के चलते प्लाज्मा थैरेपी पर संदेह जताया था। लेकिन अब देश में कोविड-19 से ठीक हो चुके लोगों को प्लाज्मा दान करने को कहा जा रहा है।
ब्रिटेन: अगले हफ्ते से बच्चों को स्कूल भेजने की अपील
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने लोगों से अगले हफ्ते से अपने बच्चों को स्कूल भेजने की अपील की है। उन्होंने कहा, बच्चों का स्कूल से ज्यादा दिनों तक दूर रहना वायरस से ज्यादा नुकसानदेह है। यह जरूरी है कि हमारे बच्चे अपने क्लासरूम में लौटें और अपने दोस्तों के साथ पढ़ाई करें। उन्होंने सितंबर के पहले हफ्ते से स्कूल खोलने की तैयारियों में जुटे स्टाफ को भी धन्यवाद दिया।
ब्राजील : 24 घंटे में 23,421 नए मामले
कोरोना से गंभीर रूप से जूझ रहे लैटिन अमेरिकी देश ब्राजील में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 23,421 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही संक्रमितों की संख्या 36 लाख के आंकड़े को पार कर गई है। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान इस महामारी से 494 लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या 1,14,744 पहुंच गई है।
चीन में कोरोना के 16 नए मामले
चीन में कोरोना संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए हैं। ये सभी मरीज बाहर से यात्रा करके आने वालों में से हैं। नेशनल हेल्थ कमीशन द्वारा सोमवार को दी गई जानकारी के मुताबिक, यहां रविवार तक संक्रमण के 2,418 ऐसे मामले दर्ज किए जा चुके हैं जो विदेश से आए हैं।
पाकिस्तान : 3 लाख पहुंची संक्रमितों की संख्या
पाकिस्तान में कोरोना के मामले बढ़कर 3 लाख के पास पहुंच गए हैं, वहीं इस महामारी से मौत का आंकड़ा 6 हजार के पार पहुंच गया है। इस बीच देश में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस के 496 नए मामले सामने आए हैं। इसको मिलाकर देश में कोराना संक्रमण की कुल संख्या 2.93 लाख पार कर गई है।
इस्राइल के एक और मंत्री संक्रमित
इस्राइल के आव्रजन मंत्री पनीना तामने-शाता कोरोना से संक्रमित पाए गए हैं। इस्राइली संसद के प्रवक्ता के मुताबिक, तामनो-शाता के साथ ही संसद के अन्य सदस्यों को घर पर ही क्वारंटीन रहने के लिए कहा गया है। तामनो वैश्विक महामारी कोरोना की चपेट में आने वाले इस्राइल के तीसरे मंत्री हैं।