अमेरिका में कोरोना ने सबसे ज्यादा नुकसान किया है। यहां संक्रमण के सर्वाधिक मामलों के साथ ही मृतकों की संख्या भी अधिक है। कोरोना महामारी का असर हर तरफ फैला है। यही कारण है कि मियामी चिड़ियाघर में रहने वाले एक 196 किलो वजनी बीमार गोरिल्ला का कोरोना टेस्ट किया गया।
चिड़ियाघर के अधिकारियों के मुताबिक शांगो नामक 31 वर्षीय गोरिल्ले की कुछ दिनों पहले ही अपने 26 वर्षीय भाई बार्नी के साथ लड़ाई हुई थी। इसके बाद शांगो को बुखार हो गया था। इसे देखते हुए शांगो की कोरोना जांच की गई, इसके लिए सात लोगों की टीम ने उसे पकड़कर उसका स्वाब नमूना लिया गया।
बुधवार को चिड़ियाघर के अधिकारियों ने बताया कि शांगो की कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आई है। स्वास्थ्य की टीम ने उधर शांगो की टीबी से लेकर लिवर और फ्रैक्चर की भी जांच की और बार्नी के हाथों शांगो के हाथ पर आई चोट का भी इलाज किया।
दोनों गोरिल्ला भाइयों को सैन फ्रांसिस्को के चिड़ियाघर से मई 2017 में मियामी के चिड़ियाघर में भेजा गया था।