पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और संदिग्ध अलकायदा आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आतंकी की पहचान नानू मियां के रूप में हुई है। एसटीएफ ने शनिवार सुबह इसकी जानकारी दी। पिछले मंगलवार को ही बंगाल एसटीएफ ने हुगली से एक और आंतकवादी नसीमुद्दीन को गिरफ्तार किया था।
एसटीएफ के एसपी आईपीएस इंद्रजीत बसु ने शनिवार बताया कि शनिवार सुबह ही नानू मियां को हावड़ा से गिरफ्तार किया गया है। 40 वर्षीय नानू मियां मूल रूप से कूचबिहार जिले के दिनहटा का रहने वाला है। जानकारी के मुताबिक पिछले साल अगस्त महीने में थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। उसी सिलसिले में नानू को पकड़ा गया है। उसके खिलाफ यूएपीए की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आज एसटीएफ उसे कोर्ट में पेश कर हिरासत में लेने की कोशिश करेगी।
उल्लेखनीय है कि पिछले मंगलवार को पश्चिम बंगाल पुलिस की एसटीएफ मे हुगली जिले के दादपूर से एक और आतंकी नसीमुद्दीन को गिरफ्तार किया था। उसे भी शासन थाने में दर्ज प्राथमिकी के सिलसिले में ही पकड़ा गया था। उससे लगातार पूछताछ हो रही थी। पूछताछ में उसने कई खुलासे किए। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पूछताछ में उसने बताया कि जब पूरी दुनिया कोरोना से लड़ रही थी, वह अपने नेटवर्क को फैला रहा था।
इस दौरान उसने कई युवाओं का ब्रेनवॉश करके उन्हें आतंकी गितिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित किया और कइयों को आतंकी गतिविधि में शामिल किया। बताया जा रहा है कि उससे पूछताछ के बाद ही नानू मियां की जानकारी मिली, जिसके बाद एसटीएफ ने उसे गिरफ्तार किया। बताया जा रहा है कि जल्द ही दोनों को आमने-सामने बिठाकर एसटीएफ पूछताछ करेगी।