भारत-बांग्लादेश सीमा पर तैनात बीएसएफ ने 33 हजार अमेरिकी डॉलर और करीब 18 लाख रुपये के सोने के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान तन्मय विश्वास के तौर पर हुई है जो नदिया जिले का रहने वाला है। बुधवार को बीएसएफ के एक अधिकारी ने बताया कि नदिया जिले की सीमा चौकी विजयपुर के पास तस्करी की सूचना मिली थी। उक्त संदिग्ध की जब बैग लेकर भारतीय सीमा से बांग्लादेश सीमा की ओर जा रहा था, तो उसे जवानों ने दबोच लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसमें से सोने की छह चूड़ियां, 39 ब्रेसलेट और 33 हजार अमेरिकी डॉलर बरामद हुए। सोने का वजन 301 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 78 हजार 910 रुपये बताई गई है। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बानपुर कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है। पूछताछ में उसने बताया है कि पिछले छह महीने से वह तस्करी कर रहा है। आज की खेप पहुंचाने के लिए उसे एक हजार रुपये मिलने वाले थे।