न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। सुबह यहां सेना का एक ट्रेलर पहुंचा था। टैंकर में मौजूद पानी देखने के लिए ऊपर चढ़े सेना के एक जवान की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य जवान घायल हो गए। घायलों को निकटवर्ती रेलवे अस्पताल में भर्ती किया गया है। राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
रेलवे सूत्रों ने बताया है कि गुरुवार सुबह 9:00 बजे के करीब सेना का एक ट्रेलर न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर पहुंचा था। उसमें मौजूद पानी को देखने के लिए सेना के जवान ऊपर चढ़ा था, जिसे करंट लग गया। स्टेशन के ओवरहेड तार के संपर्क में आ गया। बताया जा रहा है कि जवान को बचाने के लिए चढ़े अन्य चार जवान घायल हो गए हैं। सभी को तुरंत स्थानीय रेल अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी का इलाज चल रहा है। स्टेशन के आसपास और अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में सेना के जवान पहुंच गए हैं। सूत्रों ने बताया है कि उसी ट्रेलर के जरिए सेना के जवानों की एक टुकड़ी दूसरी जगह जा रही थी। न्यू जलपाईगुड़ी स्टेशन पर ट्रेलर रूकी थी जहां दुर्घटना घटी है।