Friendship volleyball match between BSF-Border Guard Bangladesh
- फोटो : Amar Ujala
भारत-बांग्लादेश सीमा पर बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लदेश के बीच यहां हुई एक मैत्री वॉलीबॉल मैच में 2-0 से करारी शिकस्त दी। मैच को देखने के लिए आसपास के गांव वाले भारी संख्या में मौजूद रहे। बाद में दोनों टीमों को पुरस्कृत भी किया गया।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक रविवार को दक्षिण बंगाल सीमांत (बीएसएफ) के अंतर्गत 68वीं वाहिनी की सीमा चौकी रनघाट के इलाके में सीमा सुरक्षा बल और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के बीच एक बेहद रोमांचक मैत्री वॉलीबॉल मैच का आयोजन किया गया। मैच का उद्घाटन 68वीं वाहिनी, बीएसएफ और 58वीं बीजीबी के कमांडिंग ऑफिसरों ने किया।
इस मैच में बीएसएफ की तरफ से 68वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर समेत बीएसएफ के लगभग 64 कार्मिक उपस्थित हुए। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की तरफ से 58वीं बीजीबी के कमांडिंग ऑफिसर समेत बीजीबी के 25 कार्मिक उपस्थित हुए। वॉलीबॉल मैच शाम को खेला गया। आसपास के गांव के सैकड़ों लोगों ने इस रोमांचक मैच का लुफ्त उठाया। कांटेदार मुकाबले में बीएसएफ की टीम 2–0 से विजयी रही।
मैच के अंत में दोनों बलों के कमांडरों ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर बीजीबी के कमांडर ने बीएसएफ के द्वारा किए गए जोरदार स्वागत और मैत्री मैच करवाने के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा की भारत-बांग्लादेश की मित्रता सदैव बनी रहेगी।
इस मौके पर बीएसएफ के 68वीं वाहिनी के कमांडिंग ऑफिसर ने कहा, बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक दूसरे के साथ सदैव सहयोगपूर्ण संबंध स्थापित करते हुए ड्यूटी करती हैं। इस तरह के विभिन्न खेलों का आयोजन पहले भी बीएसएफ और बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के बीच होता रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया की भविष्य में भी दोनों बलों के बीच इस तरह के मैत्रीपूर्ण खेलों का आयोजन होता रहेगा। इस तरह के आयोजनों से दोनों देशों के बॉर्डर गार्डिंग फोर्सेस के रिश्ते और मजबूत बनेंगे।