पूर्वी वायु कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ, एयर मार्शल एसपी धारकर ने वायु सेना स्टेशनों कलाईकुंडा और सलुआ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कलाईकुंडा में कमांड वार्षिक मार्क्समैन चैंपियनशिप के फाइनल में हिस्सा लिया। सलुआ स्टेशन के दौरे में उन्होंने नए स्टेशन मेडिकेयर का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत की और स्थितियों का जायजा लिया।
कोलकाता में रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता विंग कमांडर हिमांशु तिवारी ने बताया कि एयर मार्शल एसपी धारकर ने दो दिवसीय दौरे में दोनों स्टेशनों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि एयर मार्शल ने सोमवार को वायु सेना स्टेशन कलाईकुंडा में का दौरा किया और कमांड वार्षिक मार्क्समैन चैम्पियनशिप के फाइनल में हिस्सा लिया। इसमें पूर्वी वायु कमान की विभिन्न इकाइयों से कुल 25 वायु प्रतिभागियों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। उन्होंने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। इसके बाद एयर मार्शल वायु सेना स्टेशन सलुआ पहुंचे। अपनी यात्रा के दौरान एयर मार्शल ने नए स्टेशन मेडिकेयर सेंटर का उद्घाटन किया। मौजूदा चिकित्सा उपकरणों के अलावा, स्टेशन मेडिकेयर सेंटर अब उच्च स्तरीय हेमेटोलॉजी विश्लेषक, उन्नत डेंटल चेयर और एक्स-रे मशीन से संपन्न हो गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि दो वायुसेना स्टेशनों की यात्रा के दौरान, एओसी-इन-सी ने वायु योद्धाओं के साथ बातचीत की और उन्हें भारतीय वायुसेना की उच्चतम परंपराओं में परिचालन पर केंद्रित, शारीरिक रूप से फिट और मानसिक रूप से चुस्त रहने के लिए प्रोत्साहित किया।