पशु तस्करी मामले में सीबीआई ने पश्चिम बंगाल की बीरभूमि सीट से तृणमूल कांग्रेस की सांसद शताब्दी राय को गवाह बनाया है। इस मामले की जांच कर रही सीबीआई ने अदालत में जमा की गई चार्जशीट में यह जानकारी दी है। मामले में शताब्दी समेत कुल 95 लोगों को गवाह बनाया गया है। सूत्रों के मुताबिक शताब्दी का नाम गवाहों की सूची में 46वें नंबर पर है। उनके अलावा गवाहों में कई बैंकों के मैनेजर व कर्मचारी शामिल हैं। सीबीआई उन सबसे पूछताछ कर चुकी है।
पशु तस्करी मामले में गिरफ्तार तृणमूल के बीरभूमि जिले के जिलाध्यक्ष अणुब्रत मंडल और सांसद शताब्दी राय के मतभेद जगजाहिर हैं। 2021 के बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले राय के पार्टी छोड़ने की अटकलें तेज हो गई थीं। इसके पीछे अणुब्रत ही बताए जा रहे थे भले ही उनकी गिरफ्तारी के बाद राय उनके समर्थन में खड़ी हुई थीं।