कोलकत्ता हाईकोर्ट ने मंगलवार को केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रमाणिक के काफिले पर कूचबिहार के दिनहटा में हुए हमले की जांच सीबीआई से कराने के आदेश दिए। यह आदेश मुख्य न्यायाधीश प्रकाश श्रीवास्तव और न्यायाधीश राजर्षि भारद्वाज की खंडपीठ ने दिया। इस मामले में पुलिस की ओर से दाखिल रिपोर्ट को लेकर हाई कोर्ट ने नाराजगी जताई।
जानकारी के मुताबिक इस मामले में गृह राज्य मंत्री पर हमले के आरोप तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर है, लेकिन पुलिस ने भाजपा के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था। इसी को लेकर कोर्ट ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, निष्पक्ष जांच के लिए मामला सीबीआई को सौंपा जाए। कोर्ट ने जिला पुलिस जांच से संबंधित सारे दस्तावेज केंद्रीय जांच एजेंसी को उपलब्ध कराने को कहा।
25 फरवरी को कूचबिहार के दिनहटा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री के काफिले को पथराव किया गया था। आरोप लगे थे कि बमबारी और फायरिंग भी की गई। गृह राज्य मंत्री ने अपनी हत्या की कोशिश के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि पुलिस ने मिलकर तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ उन्हें मारने साजिश रची थी। इसी संबंध में कलकत्ता हाई कोर्ट में सीबीआई जांच की याचिका लगाई गई थी, जिसे कोर्ट ने मंजूरी मिल गई है।