पश्चिम बंगाल की वित्त राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) चंद्रिमा भट्टाचार्य ने बुधवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की उपस्थिति में राज्य का बजट 2023-24 के लिए 3.39 लाख करोड़ रुपये का बजट पेश किया। इसमें सरकारी कर्मचारियों के लिए डीए में तीन फीसदी की बढ़ोतरी की घोषणा की गई। इसके अलावा स्टांप ड्यूटी में दो फीसदी छूट और चाय बागानों की आय पर छूट जारी रखने का प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही केंद्र फंड को रोकने का आरोप लगाते हुए उन्होंने राज्य में चल रहे कल्याणकारी योनजाओं को जारी रखने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, आर्थिक सहयोग नहीं मिलने के बावजूद राज्य के हर वर्ग के लिए योजनाओं की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा, यह रोजगारोन्मुखी बजट है और इससे करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा।
एसजीडीपी 8.4 फीसदी रहने की उम्मीद
बजट पेश करते हुए भट्टाचार्य ने कहा, वित्त वर्ष 2022-23 में एसजीडीपी 8.4 फीसदी रहने की जबकि उद्योग 7.8 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि आईटी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस क्षेत्रों ने महत्वपूर्ण निवेश आकर्षित किया है। इस दौरान वित्त राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों और मूल्य वृद्धि के कारण देश के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। नोटबंदी और जीएसटी से न केवल आम लोगों को क्षति पहुंची है, जबकि संघीय व्यवस्था को भी आघात पहुंचा है।
सड़कश्री के लिए तीन हजार करोड़, युवाओं को पांच लाख तक ऋण
वित्तमंत्री ने बजट में सड़कों के निर्माण के लिए सड़कश्री योजना की घोषणा कीष। इसके तहत तीन हजार करोड़ रुपये का आवंटित किया जाएगा। इससे 11 हजार किलोमीटर की सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही बजट में दो लाख युवाओं को लाभ पहुंचाने के लिए भविष्य क्रेडिट कार्ड योजना की घोषण की गई है। इसके तहत 18 से 45 साल तक के युवाओं को पांच लाख तक का ऋण दिया जाएगा। इसके साथ ही विधायक निधि को बढ़ा कर 60 लाख से 70 लाख रुपये कर दिया गया है।
राज्य की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए चंद्रिम भट्टाचार्य ने कहा, खाद्य साथी योजना का लाभ नौ करोड़ लोगों को मिला। इसी तरह से दुआरे सरकार परियोजना के तहत नौ करोड़ लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ मिला। वित्तमंत्री ने लक्ष्मी भंडार योजना को जारी रखने की घोषणा की। जिन महिलाओं को इस योजना के तहत वित्तीय लाभ मिल रहा है, वे जैसे ही 60 साल की हो जाएंगी, उनको अपने आप वृद्ध भत्ता मिलने लगेगा।
रोजगारोन्मुखी बजट, करो़ड़ों युवाओं को मिलेगा रोजगार: ममता
वित्तमंत्री के बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधन करते हुए कहा, यह बजट रोजगारोन्मुखी है। इससे करोड़ों युवाओं को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा, सीमित आर्थिक क्षमता के बजट में हर वर्ग के लिए कुछ ना कुछ है। केंद्र सरकार ने बंगाल को वित्तीय मदद से वंचित रखा, लेकिन कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखा है। इस बजट से प्रदेश का चौमुखी विकास होगा।
बजट में आम लोगों के लिए कुछ नहीं, वोटोन्मुख है बजट: भाजपा
भारतीय जनता पार्टी ने बजट को पूरी तरह से खारिज कर दिया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा, बजट में छेद ही छेद हैं। बजट में न तो विकास की बातें हैं और न ही रोजगार की बात। यह बजट आम लोगों को सोचकर नहीं बल्कि चुनाव को ध्यान में रखकर बनाया गया बजट है। यह बजट दिशाहीन बजट है।