करीब तीन महीने पहले बांग्लादेश की जल सीमा में गिरफ्तार 135 भारतीय मछुआरे स्वदेश लौट आए हैं। वे सभी समुद्र में मछलियां पकड़ते समय रास्ता भटककर बांग्लादेश की जल सीमा में प्रवेश कर गए थे। ये सभी बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार करीब तीन महीने पहले भारतीय मछुआरे काकद्वीप इलाके से मछलियां पकड़ने समुद्र में गए थे और भटक कर बांग्लादेश की जल सीमा में प्रवेश कर गए थे। बांग्लादेश के तटरक्षी बल ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। तब से वे बांग्लादेश की जेल में बंद थे।
केंद्र की तरफ से उन्हें छुड़ाने के लिए बांग्लादेश सरकार से बातचीत की जा रही थी। आखिरकार तीन महीने में यह रिहाई हो पाई। गिरफ्तारी के बाद सुंदरवन सामुद्रिक मत्स्यजीवी श्रमिक यूनियन ने केंद्र व राज्य सरकारों को इसकी जानकारी दी गई थी। इसके बाद दोनों देशों के बीच बातचीत शुरू हुई। मछुआरों के बांग्लादेश की जल सीमा में प्रवेश करने के कारण की जांच हुई, जिसमें इस बात की पुष्टि हो गई कि वे वाकई भटककर पड़ोसी देश में चले गए थे।